
वसुंधरा मानव कल्याण संस्था का वर्ष 2024-25 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रकाशित करते हुए मुझे अत्यंत संतोष और गर्व हो रहा है। हमारी संस्था विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयत्नशील है। आजकल बच्चे और युवा शैक्षणिक दबाव, सामाजिक चुनौतियों और भावनात्मक तनाव जैसी कई परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं, जिनसे निपटने के लिए उन्हें सही मार्गदर्शन और संवेदनशील सहयोग की जरूरत है।
हमारा उद्देश्य न केवल जागरूकता फैलाना है, बल्कि एक ऐसा सुरक्षित और सहयोगात्मक वातावरण बनाना भी है जहाँ बच्चे और युवा बिना किसी झिझक के अपनी भावनाओं को व्यक्त कर सकें और जरूरत पड़ने पर मदद मांग सकें। संस्था द्वारा आयोजित कार्यशालाएँ, संवाद सत्र और परामर्श गतिविधियाँ विद्यार्थियों, युवाओं और महिलाओं के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
वसुंधरा मानव कल्याण के लिए समर्पित हर सदस्य मेरा परिवार है। हम सभी समाज और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन कर रहे हैं। इस वार्षिक प्रतिवेदन के अवसर पर, मैं अपने सभी सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करती हूँ और भविष्य में भी जनहित को अपने हितों से ऊपर रखने के लिए प्रतिबद्ध हूँ।
आप सभी का साभार व धन्यवाद।
डाॅ. (बी. प्रतिभा शर्मा)
